संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट कानपुर देहात में जिला उद्योग एवं व्यापार बन्धु की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के उद्यमियों एवं व्यापारी बन्धुओं द्वारा उद्योग एवं व्यापार से संबंधित विभिन्न समस्याओं, सुझावों और मांगों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्रों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि उद्योगों का संचालन सुचारु रूप से जारी रह सके।
जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्रों की सड़कों, नालों एवं नालियों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों एवं नालियों की नियमित रूप से मरम्मत और साफ-सफाई कराई जाए, जिससे उद्यमियों एवं श्रमिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। औद्योगिक क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
आईटीआई प्रशिक्षुओं को अप्रेंटिसशिप से जोड़ने पर जोर
बैठक में आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं को अप्रेंटिसशिप से जोड़ने के विषय पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण एवं अप्रेंटिसशिप की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, जिससे स्थानीय युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ-साथ अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि उद्योगों और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए योग्य युवाओं को अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं। इससे स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी रनियां को निर्देशित किया कि औद्योगिक क्षेत्र में साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए नियमित रोस्टर तैयार कर उसके अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि बैठक में उद्यमियों एवं व्यापारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार शीघ्र निस्तारण कराया जाए।
बैठक में व्यापारी बन्धुओं एवं उद्यमियों द्वारा विभिन्न स्थानीय समस्याओं और सुझावों को भी रखा गया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विधान जयसवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, उपायुक्त उद्योग प्रभात कुमार, उप जिलाधिकारी अकबरपुर राजकुमार पांडे, उपायुक्त राज्यकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, उद्यमी एवं व्यापारी बन्धु उपस्थित रहे।