गांधी-शास्त्री जयंती पर डीएम ने किया नमन, स्वच्छता कर्मियों का सम्मान

सत्य, अहिंसा और सादगी के आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प

संवाददाता
कानपुर देहात

कानपुर देहात। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी कपिल सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

गांधी-शास्त्री के विचारों को अपनाने का संकल्प

कार्यक्रम में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष, विचारों तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वावलंबन और देशभक्ति के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री का सादा जीवन और उच्च विचार प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र के विकास और सामाजिक समरसता को और मजबूत किया जा सकता है।

स्वच्छता कर्मियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने स्वच्छता कर्मियों राकेश कुमार, संदीप कुमार एवं कमल को अंगवस्त्र और मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने स्वच्छता कर्मियों द्वारा समाज और जनस्वास्थ्य के लिए किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *