संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। थाना पुलिस द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद करते हुए उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया गया कि जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग कर पुलिस एवं संबंधित विभागों से सहायता प्राप्त की जा सकती है।
हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन तथा 1076 सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति अथवा परेशानी के समय इन नंबरों के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इसके साथ ही महिलाओं को UPCOP ऐप के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ लेने के तरीके बताए गए। सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के बढ़ते उपयोग को देखते हुए पुलिस टीमों ने साइबर अपराधों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया।
साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय
पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं फर्जी सोशल मीडिया खातों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों के संबंध में जानकारी दी। उन्हें सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा संदिग्ध गतिविधियों की स्थिति में तत्काल संबंधित माध्यम से शिकायत करने के लिए जागरूक किया गया।
कानूनी अधिकारों की भी दी जानकारी
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीमों द्वारा POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा साइबर अपराधों से संबंधित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
पुलिस द्वारा महिलाओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार के अपराध, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध या असुरक्षा की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करें।
मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जागरूकता गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं। अभियान के माध्यम से महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें उपलब्ध सहायता एवं पुलिस सेवाओं की जानकारी पहुंचाई जा रही है।
कानपुर देहात पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। पुलिस ने महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण बनाने में आमजन से सहयोग की अपील की।