कानपुर देहात में आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा, डीएम और एसपी ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

संवाददाता | कानपुर देहात

जनपद में संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने तथा राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी सभागार में जनपद स्तरीय उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने की।

बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री डॉ. संजय निषाद, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अरुण पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।

बैठक के दौरान जनपद में संभावित प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों, उपलब्ध संसाधनों तथा त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली (रैपिड रिस्पॉन्स) की विस्तार से समीक्षा की गई।

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपदा की स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में पुलिस की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने भी सभी विभागों को आपदा प्रबंधन की तैयारियों को पूरी गंभीरता के साथ पूरा करने, संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जनपद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह सतर्क एवं तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *