कड़ी निगरानी और पुख्ता व्यवस्थाओं के बीच संपन्न होगी होमगार्ड भर्ती परीक्षा — जिलाधिकारी जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट व केंद्र व्यवस्थापकों को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने दिया प्रशिक्षण

संवाददाता, उरई/जालौन

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित होमगार्ड्स इनरोलमेंट–2025 की परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन चेकिंग, फ्रिस्किंग एवं सीसीटीवी निगरानी के मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने बताया कि परीक्षा जनपद में दिनांक 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक संपन्न होगी। इसके लिए जनपद में कुल 09 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, दयानंद वैदिक महाविद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज एवं गांधी इंटर कॉलेज शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, सजगता एवं समर्पण के साथ करें, ताकि परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेन्द्र सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी अवनीश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *