एजेंसी
भारतीय वायुसेना का एक ट्रांसपोर्ट विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से पांच जवानों की मौत हो गई। हादसा लैंडिंग के दौरान हुआ, जिससे पूरे देश में शोक की लहर है। मृतकों में राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश के जवान शामिल हैं। इनमें से तीन जवानों की जल्द ही शादी होने वाली थी।
जानकारी के अनुसार, विमान ने सुबह 9:53 बजे उड़ान भरी थी। करीब 9:58 बजे लैंडिंग के दौरान तकनीकी समस्या के कारण दुर्घटना हो गई। हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गया, लेकिन विमान में सवार पांचों जवानों को नहीं बचाया जा सका।
मृतकों में सार्जेंट वीरेंद्र प्रताप सिंह, कॉर्पोरल महेंद्र कुमार, सार्जेंट गिरिराज शर्मा, अग्निवीरवायु कुशलपाल कुशवाहा और अग्निवीरवायु अंकित यादव शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि अग्निवीरवायु कुशलपाल कुशवाहा की शादी 21 नवंबर 2026 को तय थी, जबकि अग्निवीरवायु अंकित यादव की शादी अगले वर्ष होनी थी। वहीं सार्जेंट गिरिराज शर्मा के परिवार में भी शादी की तैयारियां चल रही थीं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।
भारतीय वायुसेना ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। विशेषज्ञों की टीम ब्लैक बॉक्स और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
हादसे के बाद सैन्य और प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतक जवानों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं।