संवाददाता, उरई/जालौन
जनपद में सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लेने के क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने एट–कोटरा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य अपेक्षित गति से न पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
जिलाधिकारी ने कहा कि एट–कोटरा मार्ग क्षेत्र के हजारों लोगों की दैनिक आवाजाही का प्रमुख माध्यम है। ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अतिरिक्त संसाधन एवं मानवबल लगाकर निर्माण कार्य की गति तत्काल बढ़ाई जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून की तीव्र वर्षा शुरू होने से पूर्व हर हाल में एट–कोटरा मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाए, जिससे बरसात के दौरान आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्माण कार्य में लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर कार्यों की दैनिक निगरानी करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनहित से जुड़े सभी विकास कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण कराए जाएं, ताकि आमजन को बेहतर एवं सुरक्षित सड़क सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।