उपनिरीक्षक भर्ती की डीवी एवं पीएसटी प्रक्रिया को लेकर पुलिस लाइन में अधिकारियों की गोष्ठी आयोजित

संवाददाता
उरई/जालौन

उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती के अभिलेख सत्यापन (डीवी) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) को सकुशल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जालौन ने अपर पुलिस अधीक्षक के साथ रिजर्व पुलिस लाइन उरई स्थित सभागार में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गोष्ठी आयोजित कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने निर्देशित किया कि अभिलेख सत्यापन एवं शारीरिक मानक परीक्षण के दौरान शासन एवं भर्ती बोर्ड द्वारा निर्धारित सभी मानकों और दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन, समयबद्धता एवं आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। गोष्ठी में ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से भर्ती प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *