संवाददाता
उरई/जालौन
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को जिला अस्पताल उरई में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक जालौन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके इस मानवीय और समाजसेवी योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल किसी की जान बचाता है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को भी मजबूत करता है।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया गया तथा आमजन को नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए जागरूक किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्वैच्छिक रक्तदाता उपस्थित रहे।