संदलपुर ब्लॉक में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

संवाददाता
कानपुर देहात

उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वावधान में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, कानपुर देहात द्वारा विकास खंड संदलपुर में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बेरोजगार एवं शिक्षित युवक-युवतियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें उद्योग स्थापना के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अरुण पाठक एवं विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख राहुल तिवारी ने किया। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना, टूलकिट वितरण योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं से अवगत कराते हुए ग्राम प्रधानों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश कुमार अग्निहोत्री, परियोजना निदेशक (ग्राम्य विकास) अनिरुद्ध सिंह तथा खंड विकास अधिकारी आशुतोष शुक्ला ने प्रतिभागियों को रोजगार सृजन, उद्यमिता विकास एवं सरकारी सहायता योजनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार तलाशने के बजाय स्वरोजगार अपनाकर दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करने चाहिए।

कार्यक्रम में वरिष्ठ सहायक अंकिता, अनुदेशक (चर्म) राकेश कुमार गुप्ता, आरसेटी फैकल्टी निखिल मिश्रा, शिवम शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं एवं ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा जनपद में स्वरोजगार एवं ग्रामीण उद्योगों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *