आयुष्मान कार्ड की जानकारी अवश्य जांचें, त्रुटि होने पर तत्काल कराएं संशोधन: स्वास्थ्य विभाग

कानपुर देहात | संवाददाता

प्रदेश सरकार एवं स्टेट हेल्थ एजेंसी (SACHIS) द्वारा आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान यह पाया गया है कि कई लाभार्थियों के रिकॉर्ड में तकनीकी त्रुटियों एवं विसंगतियों के कारण आयुष्मान कार्ड बनने अथवा उसके अनुमोदन में कठिनाई आ रही है।

इन समस्याओं के समाधान के लिए Beneficiary Data Management Portal विकसित किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से ब्लॉक स्तर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी द्वारा लाभार्थियों के डाटा का नियमानुसार सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन किया जाएगा। इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी की संस्तुति के उपरांत संबंधित प्रकरण राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA), भारत सरकार को अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग ने जनपद के सभी पात्र लाभार्थियों एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारियों से अपील की है कि यदि उनके अथवा उनके आश्रित परिवार के किसी सदस्य के आयुष्मान कार्ड में नाम, आयु, लिंग, पारिवारिक विवरण या अन्य किसी प्रकार की त्रुटि है, तो वे अपने निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) अथवा संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी या मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराएं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह अभियान पात्र परिवारों को समयबद्ध रूप से आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने, लाभार्थियों के डाटा की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा योजना के शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण (सैचुरेशन) को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे इस जानकारी को अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र परिवार आयुष्मान भारत योजना के लाभ से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *