रिक्त सीटों पर प्रवेश का मौका, अभ्यर्थियों को मिलेगा उच्चीकरण का भी अवसर
संवाददाता / उरई-जालौन
अगस्त 2026 प्रवेश सत्र के तहत जनपद के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश से वंचित रह गए अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। रिक्त सीटों को भरने के लिए चतुर्थ चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस चरण में पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश के साथ-साथ उच्चीकरण (अपग्रेडेशन) का अवसर भी दिया जाएगा।
नोडल प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान उरई मानसिंह भारती ने बताया कि आईटीआई में प्रथम तीन चरणों की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिक्त रह गई सीटों पर प्रवेश के लिए चतुर्थ चरण संचालित किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने किसी भी चरण में ‘फ्लोट’ विकल्प पर सहमति दी थी और जिन्हें अभी तक उच्चीकरण का लाभ नहीं मिला है, उन्हें मेरिट तथा उनके द्वारा दिए गए ट्रेड एवं संस्थान के विकल्पों के क्रम के आधार पर उच्चीकरण का अवसर मिल सकता है।
ऑनलाइन प्रक्रिया के बाद पोर्टल पर मिलेगा बुलावा-पत्र
अभ्यर्थियों को निर्धारित ऑनलाइन लिंक पर क्लिक कर अपना पंजीकरण विवरण एवं जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। यदि अभ्यर्थी का उच्चीकरण होता है तो संबंधित बुलावा-पत्र पोर्टल पर प्रदर्शित होगा। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भी इसकी सूचना भेजी जाएगी।
उच्चीकरण सूची के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों का प्रवेश 1 अक्टूबर से 3 अक्टूबर 2026 तक कराया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि में संबंधित संस्थान में पहुंचकर प्रवेश से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
27 से 29 सितंबर तक नाम कटवाने की सुविधा
इसके अलावा जिन अभ्यर्थियों को प्रवेश प्रक्रिया से पृथक होना है अथवा अपना नाम कटवाना है, उनके लिए पोर्टल www.scvtup.in पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा 27 से 29 सितंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
नोडल प्रधानाचार्य मानसिंह भारती ने प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करें और उच्चीकरण अथवा प्रवेश की स्थिति में समय से संबंधित आईटीआई में पहुंचकर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।