संवाददाता | कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में अवैध उपखनिज खनन, परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गठित टास्कफोर्स ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 37 वाहनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की है।
दिनांक 10 एवं 11 जून 2026 की रात्रि में तहसील भोगनीपुर क्षेत्र में उपजिलाधिकारी सिकन्दरा, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, खान अधिकारी कानपुर देहात, खान निदेशालय की टीम तथा पुलिस बल ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस दौरान भोगनीपुर से जालौन मार्ग पर सघन चेकिंग की गई।
जांच के दौरान बिना वैध परिवहन प्रपत्र एवं ओवरलोडिंग में मौरम का परिवहन करते पाए गए 34 वाहनों को सीज कर थाना भोगनीपुर में निरुद्ध किया गया। इसके अतिरिक्त एक अन्य मौरम लदे वाहन को सीज कर बारा चौकी में खड़ा कराया गया।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दो वाहनों का ऑनलाइन चालान भी किया गया। इस प्रकार कुल 37 वाहनों के विरुद्ध अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के मामलों में कार्रवाई की गई।
जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में जनपद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध गठित टास्कफोर्स द्वारा आगे भी इसी प्रकार सघन अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।