संवाददाता, कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण एवं अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना देवराहट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने 30 अप्रैल 2026 को चेकिंग के दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना देवराहट पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति, वाहन एवं वस्तुओं की चेकिंग के दौरान जल्लापुर चौराहे से ग्राम प्रेमपुर की ओर लगभग 200 मीटर आगे पहुंची, जहां एक संदिग्ध ट्रक कंटेनर को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान चालक और उसके साथ मौजूद व्यक्ति संदिग्ध पाए गए, जिन्हें नीचे उतारकर पूछताछ की गई।
गिरफ्तार व्यक्तियों ने अपना नाम आले नवी (उम्र लगभग 24 वर्ष), निवासी नीवरी थाना रोरावर, जनपद अलीगढ़ तथा तौसीफ (उम्र लगभग 42 वर्ष), निवासी जाकिर कॉलोनी, थाना विजयनगर, जनपद मेरठ बताया।
पुलिस द्वारा ट्रक कंटेनर (नंबर HR 38AF 8928) की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 48 किलो 470 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामदगी के आधार पर दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लेकर थाना देवराहट में मु0अ0सं0 13/2026, धारा 08/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे उड़ीसा से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर अपने क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचते थे और प्राप्त धन को आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने बरामद गांजा के साथ ही घटना में प्रयुक्त ट्रक कंटेनर को भी सीज कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में शामिल रहे:
थानाध्यक्ष सौरभ राणा, उपनिरीक्षक उदयवीर सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल हरिश्चंद्र एवं कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह।