उरई/जालौन | संवाददाता
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए संचालित ‘ओ-लेवल’ एवं ‘सीसीसी’ कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन की संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अब 20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने के साथ ही अभ्यर्थियों को अपने शैक्षिक एवं अन्य आवश्यक अभिलेख ऑनलाइन अपलोड करने होंगे तथा आवेदन पत्र की दो प्रतियां डाउनलोड कर सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित तिथि तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय में जमा करनी होंगी।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों एवं अभिलेखों का सत्यापन, आय एवं जाति प्रमाण-पत्र सहित अन्य दस्तावेजों की जांच, पात्र अभ्यर्थियों का सत्यापन एवं डिजिटल लॉक करने की प्रक्रिया अब 3 अगस्त 2026 तक पूरी की जाएगी। इसी अवधि में जिला स्तरीय चयन समिति के अनुमोदन के बाद चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाएगी तथा शेष पात्र अभ्यर्थियों की प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों का संबंधित प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश, नीलिट (NIELIT) में पंजीकरण, प्रतीक्षा सूची से प्रवेश तथा आधार आधारित बायोमैट्रिक अथवा फेसियल ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया 10 अगस्त 2026 तक पूर्ण की जाएगी।
इसके बाद प्रशिक्षण संस्थानों में चयनित अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण 11 अगस्त 2026 से प्रारंभ होगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने अन्य पिछड़ा वर्ग के सभी पात्र शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर उसकी दो प्रतियां आवश्यक अभिलेखों सहित जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करें, ताकि उन्हें योजना का लाभ प्राप्त हो सके।