संवाददाता | कानपुर देहात
उप कृषि निदेशक कानपुर देहात ने बताया कि प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन (एग्रीजंक्शन) योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद कानपुर देहात में 10 एग्रीजंक्शन वन स्टॉप सेंटर खोले जाएंगे। इनमें 7 सेंटर ग्रामीण क्षेत्रों तथा 3 सेंटर शहरी क्षेत्रों में स्थापित किए जाएंगे।
योजना के लिए कृषि स्नातक, कृषि व्यवसाय प्रबंधन, उद्यान, पशुपालन, वानिकी, दुग्ध, पशु चिकित्सा, मुर्गी पालन एवं संबंधित विषयों में डिग्रीधारी अभ्यर्थी पात्र होंगे। यह डिग्री आईसीएआर या यूजीसी से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से होना आवश्यक है।
यदि उपयुक्त डिग्रीधारी अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होते हैं, तो कृषि विषय में डिप्लोमा अथवा इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों पर भी विचार किया जाएगा। आवेदन के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि अनुसूचित जाति, जनजाति एवं महिलाओं को 5 वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी।
योजना की कुल लागत 4.22 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसमें 3.50 लाख रुपये का ऋण बैंक द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि 72 हजार रुपये लाभार्थी को स्वयं निवेश करने होंगे। विभाग द्वारा बैंक से स्वीकृत ऋण पर 42 हजार रुपये तक अग्रिम ब्याज अनुदान भी उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अलावा प्रथम वर्ष के लिए 2 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से 24 हजार रुपये परिसर किराया सहायता दी जाएगी तथा निवेश से संबंधित लाइसेंस निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
चयनित अभ्यर्थियों को आर-सेटीज आलमचंद्रपुर, कानपुर देहात द्वारा कम से कम 13 दिन का ग्रामीण उद्यम विकास प्रशिक्षण (REDP) भी दिया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी 6 मई 2026 से 30 मई 2026 तक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं:
उत्तर प्रदेश कृषि विभाग पोर्टल
ऑनलाइन आवेदन के बाद सभी आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रति संबंधित कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा।