संवाददाता, कानपुर देहात
बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत 24,717 अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि किए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित अनुदेशक सम्मान समारोह एवं चेक वितरण कार्यक्रम का जनपद कानपुर देहात में इको पार्क, माती में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माननीय मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में लोकभवन, लखनऊ से आयोजित समारोह के सजीव प्रसारण के साथ किया गया।
प्रदेश सरकार द्वारा 01 अप्रैल 2026 से अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय ₹9,000 से बढ़ाकर ₹17,000 प्रतिमाह किए जाने की घोषणा के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल, विधायक रसूलाबाद पूनम संखवार, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, जिलाधिकारी कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, अनुदेशक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मंत्री जी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इससे पूर्व उन्होंने विभागीय स्टालों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस अवसर पर पीएम श्री विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनकी उपस्थित जनों ने सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान माननीय मंत्री जी, जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी द्वारा अनुदेशकों को प्रतीकात्मक चेक वितरित कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में माननीय मंत्री अजीत सिंह पाल ने माननीय मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अंशकालिक अनुदेशकों ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर सुधारने, बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा, स्वास्थ्य शिक्षा, कला, खेल एवं अन्य विषयों से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि मानदेय वृद्धि से लाखों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही बताया कि जनपद कानपुर देहात के 196 अनुदेशकों को इस निर्णय का लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। कायाकल्प अभियान के माध्यम से विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विकास किया गया है तथा स्कूल चलो अभियान से नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। डीबीटी प्रणाली के माध्यम से छात्रों एवं अभिभावकों को पारदर्शी तरीके से लाभ पहुंचाया जा रहा है। साथ ही सरकार द्वारा अनुदेशकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
विधायक रसूलाबाद पूनम संखवार ने इसे सरकार का ऐतिहासिक एवं संवेदनशील निर्णय बताते हुए अनुदेशकों से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने की अपील की।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि शासन द्वारा बढ़ाए गए मानदेय का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने अनुदेशकों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करने का आह्वान किया तथा कहा कि प्रशासन सदैव उनके साथ है।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सर्वेश कुमार, डीसी मनरेगा अशोक कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय मिश्र सहित समस्त खंड शिक्षाधिकारी, अनुदेशक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।