कड़ाके की ठंड में आधी रात सड़कों पर उतरा प्रशासन

कौंच पहुँचे जिलाधिकारी, अलाव से लेकर रैन बसेरों तक लिया जायजा

संवाददाता — उरई/जालौन

माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जनपद जालौन में शीतलहर के बीच प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। कड़ाके की ठंड के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने देर रात कौंच तहसील का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक संवेदनशीलता का परिचय दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर के प्रमुख चौराहों पर अलाव की व्यवस्था, रैन बसेरों, गौशालाओं एवं मंडी परिसरों में की गई शीतकालीन व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि माननीय मुख्यमंत्री का सख्त निर्देश है कि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा रैन बसेरों की समुचित व्यवस्था की गई है, इसलिए खुले में सो रहे निराश्रित, श्रमिक एवं असहाय व्यक्तियों को चिन्हित कर तत्काल रैन बसेरों तक पहुँचाया जाए। उन्होंने अलाव जलाने की निरंतरता, पर्याप्त ईंधन की उपलब्धता तथा रैन बसेरों में कंबल, प्रकाश, पेयजल एवं स्वच्छता की व्यवस्थाओं को स्वयं परखा।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने गौशालाओं में पशुओं को ठंड से बचाने के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शीतलहर के दौरान प्रशासन पूरी तरह सक्रिय और संवेदनशील है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को रात्रिकालीन भ्रमण नियमित रूप से करने एवं व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी ज्योति सिंह, अधिशासी अधिकारी मोनिका उमराव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *