सांसद खेल स्पर्धा 2025 में प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

संवाददाता — उरई/जालौन

फिट युवा, विकसित भारत” की थीम पर आयोजित सांसद खेल स्पर्धा जालौन 2025 के अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के खिलाड़ियों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संबोधन का लाइव प्रसारण उरई स्थित इंदिरा स्टेडियम में किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में खिलाड़ी व दर्शक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सांसद खेल स्पर्धा जैसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं तथा युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देते हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव स्वस्थ युवाओं पर आधारित होती है। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनाकर नशा एवं कुरीतियों से दूर रहने का आह्वान किया।

विधान परिषद सदस्य श्रीमती रमा निरंजन ने कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक मजबूती आती है, बल्कि मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास भी विकसित होता है। उन्होंने कहा कि खेलों से जुड़ा युवा अनुशासित होकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने कहा कि खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने जनपद स्तर पर खेल सुविधाओं को और बेहतर बनाने का आश्वासन दिया।

माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि खेल स्पर्धाएं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अभ्यास करने की प्रेरणा दी।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने खेलों और शिक्षा के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने तथा समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल विधाओं में भाग ले रहे खिलाड़ियों का परिचय कराया गया तथा उपस्थित अतिथियों द्वारा उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, कालपी विधायक की प्रतिनिधि आशुतोष चतुर्वेदी, क्रीड़ा अधिकारी शैलेंद्र कुशवाह, भारतीय जनता पार्टी की जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं भारी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *