मिशन शक्ति 5.0 के तहत कानपुर देहात पुलिस ने चलाया महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण जागरूकता अभियान

संवाददाता – कानपुर देहात

महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दिनांक 13 दिसम्बर 2025 को पुलिस अधीक्षक महोदया श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं, कानूनी अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

पुलिस कर्मियों द्वारा महिलाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों
181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम)—के बारे में जानकारी दी गई तथा आवश्यकता पड़ने पर तुरंत संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई। सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के बढ़ते उपयोग को ध्यान में रखते हुए महिलाओं को साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स आदि से बचाव के लिए सतर्कता बरतने के सुझाव भी दिए गए।

कानूनी अधिकारों के अंतर्गत महिलाओं को POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा आईटी एक्ट से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई।

कानपुर देहात पुलिस द्वारा चलाया गया यह अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *