सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने माल वाहनों के विरुद्ध चलाया विशेष अभियान

संवाददाता – उरई/जालौन

‘‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’’ के अंतर्गत जनपद जालौन में यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) श्री सुरेश कुमार के नेतृत्व में माल एवं यात्री वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न मार्गों पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट, कूट रचित नंबर प्लेट, ओवरलोड माल वाहनों एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्री वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान जो वाहन यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, उनके विरुद्ध नियमानुसार चालान एवं प्रवर्तन की कार्रवाई की गई।

अभियान के अंतर्गत वाहन चालकों को एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाकर वाहन संचालन, ओवरलोड माल न ढोने, माल वाहनों में सवारियां न बैठाने तथा रात्रि एवं कोहरे के दृष्टिगत वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने की सलाह दी गई। इसके साथ ही चालकों को नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, ओवरस्पीडिंग एवं गलत दिशा में वाहन न चलाने की हिदायत दी गई।

अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि वे सभी वैध प्रपत्रों के साथ वाहन का संचालन करें, क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं तथा कोहरे में दृश्यता कम होने की स्थिति में वाहन की गति सीमित रखें या सुरक्षित स्थान पर वाहन खड़ा करें, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय दुर्घटना से बचा जा सके।

इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एक स्लीपर बस को थाना आटा क्षेत्र में नियमानुसार निरुद्ध किया गया। साथ ही वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण नियमों की भी जानकारी दी गई।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *