राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिलाधिकारी ने जन जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

संवाददाता — उरई/जालौन

राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जनपद जालौन में बालिकाओं के अधिकारों, समानता एवं सशक्तिकरण को लेकर आयोजित जन जागरूकता रैली को जिलाधिकारी श्री राजेश कुमार पाण्डेय ने जिला पुरुष चिकित्सालय उरई से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेन्द्र सिंह भी उपस्थित रहे।

इस रैली का उद्देश्य समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना तथा उन्हें शिक्षा और विकास के समान अवसर दिलाने को लेकर जनजागरूकता फैलाना था।

रैली में ऑक्सफोर्ड एकेडमी, नटराज राजकीय बालिका इंटर कॉलेज उरई, राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली जिला पुरुष चिकित्सालय से प्रारंभ होकर भगत सिंह चौराहा तक निकाली गई। इसमें एनसीसी की बालिकाएं, आशा, एएनएम, स्टाफ नर्सें, महिला चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी सम्मिलित रहे।

रैली के माध्यम से कन्या भ्रूण हत्या रोकने, गिरते लिंगानुपात, बाल विवाह की रोकथाम, पी.सी.पी.एन.डी.टी. अधिनियम-1994 के प्रभावी अनुपालन एवं बालक-बालिकाओं में समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया।

छात्र-छात्राओं द्वारा लगाए गए प्रेरणादायक नारों —
“मैं भी छू सकती हूँ आसमान, मौके की है मुझे तलाश”
और
“मेरी बहनों को मारोगे, संतोष नहीं तुम पाओगे…”
ने पूरे वातावरण को संवेदनशील और जागरूकता से भर दिया।

कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी पीसीपीएनडीटी डॉ. अरविन्द भूषण, अपर शोध अधिकारी आर.पी. विश्वकर्मा, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविन्द्र सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम प्रेम प्रताप, जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता रूबी वर्मा, रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्य, गांधी महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *