भैंस चोरी गिरोह का भंडाफोड़, थाना शिवली पुलिस ने तीन शातिर अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

संवाददाता — कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण एवं चोरी की घटनाओं के खुलासे हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने भैंस चोरी की वारदातों में संलिप्त 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है, जबकि 05 अभियुक्त अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 25 जनवरी 2026 को मुखबिर खास की सूचना पर थाना शिवली पुलिस ने बैरी बस्ता कॉलोनी के पास खंडर भट्टा के किनारे बनी कोठरी पर दबिश दी। मौके से पुलिस ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया, जबकि उनके अन्य साथी झाड़ियों व अंधेरे का सहारा लेकर फरार हो गए।

गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में अपने नाम
राहुल कटियार (22 वर्ष) निवासी नानकारी, कानपुर नगर,
प्रान्जुल पाल (20 वर्ष) निवासी रास्तपुर,
विशाल उर्फ बल्लू (19 वर्ष) निवासी टोडरपुर, थाना शिवली
बताए। जामा तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से ₹9071 नकद, 03 मोबाइल फोन, तथा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त 01 पिकअप वाहन व 01 बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे गांव-गांव घूमकर रैकी करते थे और रात के समय भैंसों की चोरी कर पिकअप वाहन से उन्हें ले जाते थे। चोरी की भैंसों को कानपुर नगर के विभिन्न स्थानों पर इरशाद, अखंड प्रताप सिंह एवं मो. फैजल को सस्ते दामों में बेच दिया जाता था। प्राप्त धनराशि को आपस में बराबर-बराबर बांट लिया जाता था, जिसमें वाहन मालिक की भी हिस्सेदारी रहती थी।

इस संबंध में थाना शिवली पर मु0अ0सं0 36/2026 धारा 310(4)/313 बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। साथ ही पूर्व में दर्ज भैंस चोरी के अन्य मामलों में भी संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास पहले से ही थाना शिवली व रूरा में दर्ज कई मुकदमों से जुड़ा पाया गया है। पुलिस फरार अभियुक्तों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली थाना शिवली पुलिस टीम में
उ0नि0 सोमवीर सिंह, उ0नि0 योगेन्द्र कुमार शर्मा, उ0नि0 अजय कुमार, हे0का0 बृजेश, का0 मनीष कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *