आपदा मित्र परियोजना से मजबूत होगा आपदा प्रबंधन तंत्र, 30 स्वयंसेवक 12 दिवसीय प्रशिक्षण हेतु लखनऊ रवाना

संवाददाता — उरई/जालौन

जनपद में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आपदा मित्र परियोजना के अंतर्गत चयनित द्वितीय बैच के 30 स्वयंसेवकों को 12 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण हेतु राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) प्रशिक्षण केंद्र, लखनऊ के लिए रवाना किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट परिसर से आपदा मित्रों के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि वे त्वरित, प्रभावी एवं समन्वित प्रतिक्रिया देने में सहायक होते हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान स्वयंसेवकों को अग्निकांड, बाढ़, आकाशीय विद्युत, सर्पदंश, भूकंप सहित विभिन्न आपदाओं से निपटने के लिए प्राथमिक चिकित्सा, खोज एवं बचाव कार्य तथा राहत संचालन की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 12 दिवसीय प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात सभी आपदा मित्रों को आपदा किट एवं बीमा पॉलिसी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे आपात परिस्थितियों में सुरक्षित रहते हुए प्रभावी रूप से सेवा दे सकें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, जिला आपदा विशेषज्ञ अचल श्रीवास्तव, आपदा कार्यालय एवं नागरिक सुरक्षा कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनपद प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षित आपदा मित्र भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में जनसुरक्षा के लिए एक सशक्त सहायक सिद्ध होंगे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *