बारिश के बीच खेतों में पहुंचकर लिया फसलों के नुकसान का जायजा — जिलाधिकारी ने दिए त्वरित सर्वे एवं राहत के निर्देश

जनपद जालौन | 30 अक्टूबर 2025 | सूचना विभाग, प्रकाशनार्थ

जिलाधिकारी श्री राजेश कुमार पाण्डेय एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा आज बे-मौसम बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने स्वयं किसानों के खेतों में पहुंचकर धान, मटर एवं बाजरा फसलों के नुकसान का जायजा लिया।
बारिश के बीच जिलाधिकारी ने किसानों से बातचीत कर उनकी स्थिति जानी तथा सभी उप जिलाधिकारियों को त्वरित और सटीक सर्वे रिपोर्ट शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उरई तहसील क्षेत्र में धान की फसलों, माधौगढ़ तहसील में बाजार क्षेत्र, तथा कोच तहसील में मटर की फसलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में धान की फसलें जमीन पर गिर गई हैं, वहां नुकसान अधिक पाया गया, वहीं जिन खेतों में मटर की बुवाई के बाद अंकुरण प्रभावित हुआ है, वहां भी फसलों की क्षति दर्ज की गई है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, राजस्व विभाग एवं कृषि विभाग की टीमें तत्काल फील्ड पर उतर गई हैं और खेत-खेत जाकर फसलों की स्थिति का आकलन कर रही हैं।

जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने कहा कि प्रभावित किसानों को फसल बीमा योजना अथवा कृषि निवेश अनुदान के तहत पात्रता की स्थिति में पूर्ण लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बीमा कंपनी के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे कृषि विभाग एवं लेखपालों की टीमों के साथ संयुक्त रूप से निरीक्षण कर नुकसान का सही एवं पारदर्शी आकलन सुनिश्चित करें, जिससे किसानों को शीघ्र राहत प्रदान की जा सके।


मुख्य बिंदु:

  • जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने बारिश के बीच फसलों की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया।

  • किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं।

  • सभी उप जिलाधिकारियों को त्वरित सर्वे रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश।

  • धान और मटर की फसलों में अधिक क्षति की संभावना।

  • राजस्व, कृषि एवं बीमा विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा फील्ड सर्वे जारी।

  • प्रभावित किसानों को फसल बीमा / कृषि अनुदान योजना से राहत देने के निर्देश

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *