राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आटा टोल प्लाजा पर चला जागरूकता अभियान

नुक्कड़ नाटक, शपथ व पंपलेट वितरण के माध्यम से दी गई सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी

संवाददाता | उरई/जालौन

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 17 जनवरी 2026 को आटा टोल प्लाजा पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी एवं मुख्यालय के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित किया गया, जिसमें सम्भाग के दोनों सम्भागीय परिवहन अधिकारी उपस्थित रहे।

आटा टोल प्लाजा पर आयोजित कार्यक्रम में सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अरविन्द कुमार त्रिवेदी एवं सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार वर्मा ने सहभागिता करते हुए गोष्ठी, नुक्कड़ नाटक, हेलमेट एवं फर्स्ट एड बॉक्स तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट का वितरण किया। कार्यक्रम का आयोजन आटा टोल प्रबंधन द्वारा किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।

इस अवसर पर बीकेडी एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार वर्मा ने भावुक अपील करते हुए कहा कि जब कोई व्यक्ति घर से बाहर निकलता है, तो उसके साथ पूरा परिवार जुड़ा होता है। एक छोटी सी लापरवाही पूरे परिवार को जीवन भर का दर्द दे सकती है।

उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, तेज गति से वाहन न चलाएं, स्टंट न करें, गलत दिशा में वाहन न चलाएं, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करें तथा सामने चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। साथ ही सभी से यह भी आग्रह किया कि वे स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम में सम्भागीय परिवहन विभाग, पुलिस, लोक निर्माण विभाग, टोल प्रबंधन, सामाजिक संगठनों एवं स्कूल प्रबंधन से जुड़े अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इसी क्रम में कालपी में ओवरब्रिज के नीचे सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में टेम्पो-टैक्सी यूनियन, ऑटो चालक संघ एवं मानव सेवा सम्मान समिति के सहयोग से पंपलेट वितरित किए गए। हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया गया, जबकि बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई।

प्रवर्तन अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 125 वाहनों के विरुद्ध हेलमेट, सीट बेल्ट, नो पार्किंग सहित विभिन्न धाराओं में चालान की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना हेलमेट व सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन द्वारा चलाए गए इस जागरूकता अभियान से आमजन में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *