ग्राम उसरगांव में जन चौपाल आयोजित

नोडल अधिकारी ने योजनाओं का किया सत्यापन, लाभार्थियों से लिया फीडबैक

जन्म से बुढ़ापे तक सुरक्षा की गारंटी—जन चौपाल में गूंजी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं

संवाददाता — उरई/जालौन

जनपद जालौन के विकासखंड कदौरा अंतर्गत ग्राम उसरगांव में केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जन चौपाल का आयोजन किया गया। जन चौपाल में उ०प्र० शासन द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी एवं सचिव, कृषि विभाग श्री इन्द्र विक्रम सिंह ने जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के साथ सहभागिता की।

इस दौरान नोडल अधिकारी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लाभार्थियों को पढ़कर सुनाई तथा लाभार्थियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का फीडबैक लिया। उन्होंने मौके पर स्थलीय सत्यापन भी किया और जन चौपाल में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पौष्टिक आहार वितरित किया गया। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।

जन चौपाल को संबोधित करते हुए श्री इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार जन्म से लेकर बुढ़ापे तक नागरिकों के समग्र कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटी के जन्म से लेकर स्नातक स्तर तक सरकार सहायता प्रदान कर रही है। जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को पोषण एवं सुरक्षित प्रसव के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह हेतु 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं, जिनसे सूचीबद्ध अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार संभव है।

नोडल अधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता अनुसार लाभ प्राप्त करें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, जिला विकास अधिकारी के.के. सिंह, उप जिलाधिकारी कालपी मनोज सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक कालपी नरेंद्र सिंह जादौन, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, लाभार्थी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *