जिलाधिकारी की अध्यक्षता में GeM पोर्टल के प्रभावी उपयोग को लेकर कार्यशाला आयोजित

शासकीय क्रय प्रक्रिया को पारदर्शी व समयबद्ध बनाने पर दिया गया जोर

संवाददाता
कानपुर देहात

जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में जनपद के समस्त संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के प्रभावी उपयोग को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट में किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शासकीय क्रय प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध एवं नियमों के अनुरूप संचालित करना रहा।

कार्यशाला के दौरान अधिकारियों को GeM पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया, वस्तुओं एवं सेवाओं का चयन, निविदा/बिड प्रक्रिया, रिवर्स ऑक्शन, अनुबंध निष्पादन, आपूर्ति एवं गुणवत्ता सत्यापन, भुगतान व्यवस्था तथा शिकायत निवारण प्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही शासन द्वारा समय-समय पर जारी किए गए दिशा-निर्देशों एवं नवीन प्रावधानों से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि GeM पोर्टल शासकीय क्रय प्रक्रिया में पारदर्शिता, प्रतिस्पर्धा एवं लागत में कमी सुनिश्चित करने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप अधिकतम क्रय कार्य GeM पोर्टल के माध्यम से ही किया जाए तथा निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।

कार्यशाला में तकनीकी विशेषज्ञ अंकित शुक्ला द्वारा लाइव डेमो के माध्यम से GeM पोर्टल के विभिन्न फीचर्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिससे अधिकारियों की शंकाओं का समाधान किया गया।

अंत में जिलाधिकारी ने अपेक्षा व्यक्त की कि इस कार्यशाला से प्राप्त जानकारी का प्रभावी उपयोग करते हुए सभी विभाग GeM पोर्टल के माध्यम से क्रय प्रक्रिया को और अधिक सरल, प्रभावी एवं पारदर्शी बनाएंगे।

कार्यशाला में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, उप जिलाधिकारी अकबरपुर, उपायुक्त उद्योग सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *