मा० सांसद एवं मा० विधायक खेल स्पर्धा 2025-26 के आयोजन हेतु बैठक सम्पन्न

जनपद कानपुर देहात
दिनांक : 08 अक्टूबर 2025
(सूचना विभाग, प्रकाशनार्थ)

खेल स्पर्धा में “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत महिला एवं बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी

जनपद कानपुर देहात में खेल विभाग एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “मा० सांसद खेल स्पर्धा” एवं “मा० विधायक खेल स्पर्धा 2025-26” के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु मां मुक्तेश्वरी देवी कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री अमित कुमार द्वारा जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह के निर्देशानुसार की गई।
इस अवसर पर मा० विधायक भोगनीपुर विधानसभा के प्रतिनिधि, उपजिलाधिकारी भोगनीपुर, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला क्रीड़ा अधिकारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, ब्लॉक स्तर के युवा अधिकारीगण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में खेल स्पर्धाओं के आयोजन हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रतियोगिताओं में पारदर्शिता, निष्पक्ष प्रतिभा चयन तथा समान अवसर सुनिश्चित किए जाएं। प्रत्येक विकास खंड स्तर पर खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित कर चयनित खिलाड़ियों को जिला स्तर की स्पर्धा में शामिल किया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी श्री अमित कुमार ने कहा कि —

“खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त साधन हैं।”

उन्होंने कहा कि इन खेल स्पर्धाओं से ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, जिससे जनपद में खेल संस्कृति को नई दिशा प्राप्त होगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत महिला एवं बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक खेल आयोजन में महिला खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा सुरक्षा, प्रोत्साहन और सहयोग की दृष्टि से सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ की जाएंगी।

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे महिला एवं बालिका खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी एवं सुरक्षित वातावरण तैयार करें, जिससे वे आत्मविश्वासपूर्वक प्रतियोगिताओं में भाग ले सकें।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इन खेल स्पर्धाओं को जनपद स्तरीय खेल महोत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे मा० सांसद एवं विधायकगण से सतत समन्वय बनाए रखें, ताकि प्रतियोगिताओं की तैयारी समयबद्ध एवं सफलतापूर्वक पूर्ण हो सके।

बैठक के अंत में जिला क्रीड़ा अधिकारी द्वारा स्पर्धाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की गई तथा अधिकारियों से सुझाव आमंत्रित किए गए। सभी अधिकारियों ने एकमत से आश्वासन दिया कि वे खेल भावना एवं समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *