मिशन शक्ति 5.0 : चौपालों के माध्यम से कानपुर देहात पुलिस ने बढ़ाया महिला जागरूकता का दायरा

जनपद कानपुर देहात, दिनांक 07 अक्टूबर 2025
(सूचना विभाग, प्रकाशनार्थ)

महिला सुरक्षा, सम्मान, सशक्तिकरण और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रीमती श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के तहत जनपद भर में लगातार जागरूकता चौपालों का आयोजन किया जा रहा है।

इस क्रम में जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों द्वारा ग्रामीण अंचलों में पहुंचकर चौपाल लगाई गईं, जिनके माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।

थाना रूरा पुलिस द्वारा ग्राम सिठमरा, थाना सट्टी पुलिस द्वारा ग्राम गिरधरपुर, थाना मंगलपुर पुलिस द्वारा ग्राम शाहपुर डेरा, थाना डेरापुर पुलिस द्वारा ग्राम कुढ़ावल, थाना अमराहट पुलिस द्वारा ग्राम पक्की महटौली तथा थाना रसूलाबाद पुलिस द्वारा ग्राम जोत एवं ग्राम बैरगरा में चौपालों का आयोजन किया गया।

इन चौपालों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों एवं उपलब्ध सहायता तंत्र से सीधे अवगत कराना था। पुलिस कर्मियों ने उपस्थित महिलाओं को छेड़छाड़, यौन उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध आदि से बचाव के उपाय बताए और किसी भी घटना की स्थिति में तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी।

महिलाओं को थानों में स्थापित “महिला हेल्प डेस्क” एवं “मिशन शक्ति केंद्रों” की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें कानूनी एवं मनोवैज्ञानिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई।

पुलिस टीमों ने महिलाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर ठगी से बचाव, एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा निम्नलिखित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी —

📞 1090 — वूमेन पावर लाइन
📞 112 — पुलिस आपातकालीन सेवा
📞 108 — एम्बुलेंस सेवा
📞 102 — स्वास्थ्य सेवा
📞 1098 — चाइल्ड हेल्पलाइन
📞 181 — महिला हेल्पलाइन
📞 1076 — मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
📞 1930 — साइबर अपराध शिकायत हेल्पलाइन

मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत आयोजित इन चौपालों से ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित हो रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *