राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा एवं वन अधिकारी परीक्षा–2025 के सफल संचालन हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

जनपद कानपुर देहात
दिनांक : 08 अक्टूबर 2025
(सूचना विभाग, प्रकाशनार्थ)

आगामी सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा–2025 तथा सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा–2025 को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दो सत्रों में संपन्न हुआ —
प्रथम सत्र में आर.पी.एस. इंटर कॉलेज रूरा एवं अकबरपुर डिग्री कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक व कक्ष निरीक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया, जबकि द्वितीय सत्र में श्री कृष्णा औद्योगिक इंटर कॉलेज मोहम्मदपुर, श्री राम स्वरूप ग्रामोद्योगिक इंटर कॉलेज पुखरायां तथा विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज पुखरायां के कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह ने की।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री अमित कुमार, परियोजना निदेशक श्री वीरेंद्र सिंह तथा लोक सेवा आयोग से नामित समन्वयी पर्यवेक्षक श्री पवन कुमार सहित जनपद के सभी केंद्र व्यवस्थापक, सह-केंद्र व्यवस्थापक एवं कक्ष निरीक्षकगण उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि —

“उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय परीक्षा का निष्पक्ष, सुचारु एवं नकलविहीन संचालन जनपद प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

उन्होंने बताया कि जनपद कानपुर देहात में कुल 2016 परीक्षार्थी दिनांक 12 अक्टूबर 2025 को जनपद के 05 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, अनुशासनहीनता या नकल की घटना पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, विद्युत व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे पूर्णतः क्रियाशील स्थिति में रहें तथा सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ की जाए।

प्रवेश द्वारों पर परीक्षार्थियों की सख्त तलाशी एवं सत्यापन प्रक्रिया अपनाई जाए और किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति न दी जाए।
केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व व्यवस्थाओं की भौतिक समीक्षा करें और किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरतें।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षा दिवस पर केंद्र व्यवस्थापक, सह-केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक सहित सभी कार्मिक समय से पूर्व केंद्र पर उपस्थित होकर तैयारियों की अंतिम समीक्षा कर लें।
परीक्षा अवधि के दौरान कंट्रोल रूम से सतत संपर्क बनाए रखें, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को परीक्षा दिवस की ड्यूटी, परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन, सीलिंग एवं संप्रेषण प्रक्रिया, आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के उपाय, तथा लोक सेवा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे परीक्षा के संचालन में पूर्ण सतर्कता, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, जिससे जनपद कानपुर देहात में यह परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके और पारदर्शिता की मिसाल कायम की जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *