होम्योपैथिक परामर्श एवं निःशुल्क दवा वितरण
संवाददाता — कानपुर देहात
दिनांक 04 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के पर्यवेक्षण में तथा वामा सारथी की अध्यक्षा श्रीमती सुरभि पाण्डेय के नेतृत्व में आयुष विभाग के सहयोग से रिजर्व पुलिस लाइन्स कानपुर देहात के सभागार कक्ष में विशेष होम्योपैथी चिकित्सा एवं वामा वेलनेस कैम्प का आयोजन किया गया।
कैंप में उपस्थित चिकित्सकों द्वारा पुलिस परिवार के सदस्यों को विभिन्न बीमारियों से बचाव, सामान्य रोगों के तत्काल उपचार, स्वच्छता, पोषण एवं जलजनित रोगों से बचाव के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान जरूरतमंदों को निःशुल्क होम्योपैथिक परामर्श एवं दवाओं का वितरण भी किया गया। कैंप का मुख्य उद्देश्य पुलिस परिवार के सदस्यों को सुलभ एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
इस अवसर पर वामा सारथी की अध्यक्षा श्रीमती सुरभि पाण्डेय (धर्मपत्नी श्री राजेश कुमार पाण्डेय), अपर पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात, वामा सारथी की उपाध्यक्ष श्रीमती नेहा वर्मा (धर्मपत्नी श्री संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर) द्वारा पुलिस परिवार से चयनित वामा वालंटियर्स को पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जैकेट, कैप, आई-कार्ड सहित किट वितरित की गई तथा उन्हें उनके कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई।
कैंप में प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन्स कानपुर देहात सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों, अधिकारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों एवं उनके परिजनों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी पुलिस परिवार के कल्याण हेतु इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।