इंडिगो संकट: यात्रियों को अब तक 610 करोड़ रुपये का रिफंड, उड़ानें फिर पटरी पर

नई दिल्ली।
इंडिगो एयरलाइंस में चल रहे बड़े तकनीकी संकट और क्रू की कमी के कारण पिछले दिनों देशभर में हजारों यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। लगातार उड़ानें रद्द होने और लंबे विलंब के चलते यात्रियों में आक्रोश बढ़ गया था। अब कंपनी ने जानकारी दी है कि अब तक 610 करोड़ रुपये का रिफंड यात्रियों को लौटाया जा चुका है। इसके अलावा यात्रियों के 3000 से अधिक बैग भी वापस कर दिए गए हैं।

कंपनी की मानें तो पिछले छह दिनों में इंडिगो की सेवाएँ धीरे-धीरे तेज़ी पकड़ रही हैं। एयरलाइन ने बताया कि रविवार तक 1650 फ्लाइट्स सामान्य रूप से संचालित की गईं, जिससे हालत पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई है।

तकनीकी गड़बड़ी और क्रू संकट ने बिगाड़े हालात

इंडिगो के सिस्टम में आई बड़ी तकनीकी समस्या के कारण चेक-इन, बैगेज सिस्टम और शेड्यूल मैनेजमेंट प्रभावित हुआ। हजारों यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट पर फंसा रहना पड़ा।
इसके अलावा कई पायलट और क्रू मेंबर्स की अनुपस्थिति ने स्थिति और अधिक खराब कर दी।

पायलटों का खुला पत्र—“हमारा शोषण बंद हो”

इंडिगो के संकट के दौरान पायलटों ने कंपनी को एक खुला पत्र लिखकर कहा है कि लंबे समय से स्टाफ पर काम का अत्यधिक दबाव डाला जा रहा है।
पत्र में यह भी लिखा गया कि—

  • पायलटों की कमी के बावजूद लगातार अतिरिक्त उड़ानें शेड्यूल की जा रही हैं।

  • पर्याप्त आराम नहीं दिया जा रहा।

  • क्रू मैनेजमेंट सिस्टम बेहद अव्यवस्थित है।

  • यात्रियों की नाराज़गी का सीधा दबाव कर्मचारियों पर पड़ रहा है।

पायलटों ने मांग की है कि इंडिगो प्रबंधन उड़ानों के शेड्यूल और कार्यप्रणाली को संतुलित करे, ताकि ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही सेवाएँ

एयरलाइन ने कहा है कि—

  • रद्द उड़ानों की संख्या में तेजी से कमी आई है।

  • बैगेज रिकवरी का कार्य लगभग पूरा हो चुका है।

  • अधिकांश रूट्स पर उड़ानें सामान्य संचालन में लौट आई हैं।

फिलहाल इंडिगो ने यात्रियों से सहयोग की अपील की है और भरोसा दिया है कि आने वाले दिनों में सेवाएँ पूरी तरह सामान्य होंगी

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *