ईंधन व गैस आपूर्ति पर प्रशासन की पैनी नजर, पर्याप्त स्टॉक से आमजन को राहत

संवाददाता | उरई/जालौन

जनपद जालौन में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में गैस डीलरों एवं पेट्रोल पंप संचालकों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में ईंधन एवं गैस की कोई कमी नहीं है और आमजन को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।

समीक्षा के दौरान गैस आपूर्ति की स्थिति संतोषजनक पाई गई। जनपद में 10,223 घरेलू गैस सिलेंडर, 19 किलोग्राम के 767 कमर्शियल सिलेंडर तथा 5 किलोग्राम के 177 सिलेंडर उपलब्ध हैं। इसके अलावा पेट्रोल पंपों पर भी पर्याप्त मात्रा में ईंधन मौजूद है, जहां 2,130 किलोलीटर डीजल और 1,276.7 किलोलीटर पेट्रोल का भंडारण सुनिश्चित किया गया है।

जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि शादी-विवाह जैसे विशेष अवसरों पर उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने होम डिलीवरी व्यवस्था को प्रभावी बनाने और समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे ईंधन की उपलब्धता में पारदर्शिता बनाए रखें और स्टॉक की नियमित जानकारी अपडेट करें। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि कृत्रिम कमी या जमाखोरी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लगातार निगरानी बनाए रखें और समन्वय के साथ कार्य करते हुए ईंधन एवं गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु रखें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *