उरई/जालौन। जालौन जनपद में आस्था, संस्कृति और राष्ट्रीय गौरव से जुड़े “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर से श्रद्धालुओं के दल को विधिवत हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय तथा जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुरक्षित एवं सफल यात्रा के लिए हरी झंडी दिखाई।
इस यात्रा के तहत जनपद से चयनित 10 श्रद्धालुओं को सोमनाथ मंदिर के दर्शन हेतु भेजा गया है। “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” भारत की सांस्कृतिक विरासत, आस्था और पुनर्निर्माण की गौरवगाथा का प्रतीक है, जिसका आयोजन प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर किया जा रहा है।
शासन के निर्देशानुसार इस पर्व के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन में अपनी सांस्कृतिक पहचान के प्रति गर्व की भावना सुदृढ़ हो सके। सोमनाथ मंदिर भारतीय इतिहास में संघर्ष और पुनर्निर्माण का प्रतीक रहा है, और यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था, बल्कि सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय गौरव को भी सशक्त करने का माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। अधिकारियों ने बताया कि यह पहल जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।