मिशन शक्ति 5.0 के तहत जागरूकता व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन, महिलाओं को किया गया सम्मानित

कानपुर देहात।

मिशन शक्ति अभियान 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत दिनांक 07 अप्रैल 2026 को पुलिस लाइन सभागार में जागरूकता, सम्मान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनके साहस एवं उल्लेखनीय योगदान को सम्मानित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर जागरूकता का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर बहादुरी का कार्य करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं, पुलिस को सहयोग देने वाले हितधारकों जैसे शिक्षक, एनजीओ प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिस कर्मियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण, समाज कल्याण अधिकारी, किशोर न्याय बोर्ड अध्यक्ष, जिला प्रोबेशन अधिकारी, बाल कल्याण समिति के सदस्य, वन स्टॉप सेंटर प्रभारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रिंसिपल, स्वयं सहायता समूह के प्रतिनिधि एवं मिशन शक्ति केन्द्रों के प्रभारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं एवं छात्राओं को आत्मरक्षा एवं सतर्कता के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *