संपूर्ण समाधान दिवस: डीएम ने अकबरपुर तहसील में सुनी समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

कानपुर देहात | 04 अप्रैल 2026

जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने तहसील अकबरपुर में आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

समाधान दिवस के दौरान कुल 166 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने मौके पर ही एक प्रकरण का निस्तारण करते हुए ग्राम जसौरा बीरसिंहपुर निवासी कृष्ण लाल की खतौनी में पिता के नाम संशोधन की प्रक्रिया पूर्ण कर संशोधित खतौनी उन्हें सौंप दी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता, संतुष्टि एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

उन्होंने भूमि विवाद से संबंधित मामलों में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर समाधान कराने, छोटे मामलों को भी गंभीरता से लेने तथा मुख्यमंत्री संदर्भ, जनप्रतिनिधियों के संदर्भ, आईजीआरएस एवं तहसील दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने कार्यालयों में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जनसुनवाई करने, शिकायतों का रजिस्टर बनाए रखने, नियमित समीक्षा करने और आमजन के साथ मधुर व्यवहार रखने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मयोगी पोर्टल पर प्रशिक्षण लेकर प्रमाण पत्र प्राप्त करने को भी कहा।

जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर कालाबाजारी पर रोक लगाई जाए तथा जरूरतमंदों को गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, डीएफओ ए.के. पाण्डेय, डीडीओ सुनील कुमार तिवारी, डीसी मनरेगा अशोक कुमार, उप जिलाधिकारी अकबरपुर सुरभि शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *