संवाददाता
उरई/जालौन
जनपद में एलपीजी गैस की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं तक होम डिलीवरी के माध्यम से समयबद्ध गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे एजेंसियों पर भीड़ और लंबी कतारों की स्थिति न बने। उन्होंने बुकिंग से लेकर डिलीवरी तक की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया तथा गैस एजेंसियों को अपने प्रतिष्ठानों पर आवश्यक जानकारी और जागरूकता संबंधी पंपलेट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को गैस एजेंसियों के कार्यालयों एवं गोदामों का नियमित निरीक्षण करने तथा स्टॉक की दैनिक जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कालाबाजारी, जमाखोरी या गैस के दुरुपयोग पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए।
छोटे व्यापारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट एवं क्षेत्राधिकारी को निर्देशित किया कि ठेला, गुमटी, खुमचा, होटल एवं ढाबा संचालकों के साथ बैठक कर उनकी ईंधन आवश्यकताओं का आकलन किया जाए और उन्हें सुरक्षित एवं सुगम विकल्प उपलब्ध कराए जाएं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से पेट्रोल पंपों एवं संबंधित प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरों की अनिवार्य व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए, जिससे प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला, तेल कंपनियों के प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।