संवाददाता
कानपुर देहात
उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के 9 वर्ष’ कार्यक्रम के अंतर्गत राजपुर ब्लॉक स्थित राम प्रकाश पोरवाल महाविद्यालय के सभागार में निपुण सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद के 661 निपुण घोषित परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी की जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने की। उन्होंने निपुण विद्यालयों के शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखते हुए अगले वर्ष “निपुण जनपद” का लक्ष्य हासिल करना हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज आंगनबाड़ी और परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चे ही विकसित भारत की नींव हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राकेश कटियार ने विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं जिला महामंत्री सत्यम सिंह चौहान ने सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि निपुण सर्वे में जनपद ने मंडल में प्रथम तथा प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त किया है, जिसमें शिक्षकों, एसआरजी एवं एआरपी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा किया गया, जबकि माध्यमिक शिक्षा विभाग को नोडल विभाग बनाया गया था। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा अपनी-अपनी योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए।
समारोह में अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी शिक्षकों के उत्साहवर्धन और उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया।