कानपुर देहात।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने सभी प्रकरणों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं को उनके मामलों की प्रगति और वर्तमान स्थिति की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हो।
उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि पोर्टल पर प्राप्त कोई भी शिकायत लंबित न रखी जाए। सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का प्रभावी निस्तारण हो सके।
जनसुनवाई को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय अधिकारी, उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (ज़ूम) के माध्यम से बैठक से जुड़े रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई और आईजीआरएस से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन को त्वरित राहत प्रदान की जाए।
We use cookies