कानपुर देहात में फार्मर रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

कानपुर देहात। जनपद में फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों में गति लाने और अवशेष किसानों का शीघ्र पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में सामुदायिक भवन ईको पार्क, माती में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री कार्य में लगे सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

बैठक में जानकारी दी गई कि अब तक लगभग 63 प्रतिशत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है, जबकि शेष किसानों का पंजीकरण समयबद्ध तरीके से पूरा करने हेतु अभियान चलाया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य प्राथमिकता के आधार पर, समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने और कार्य की नियमित प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में अधिकारियों को फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित ऐप के संचालन के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि पंजीकरण प्रक्रिया सरल और प्रभावी ढंग से पूरी की जा सके। जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि पंचायत सहायकों और कृषि विभाग के कर्मचारियों द्वारा प्रत्येक गांव में जाकर अवशेष किसानों का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी मिलकर कार्य करें, ताकि जनपद में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य शीघ्र पूर्ण हो और किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, उप कृषि निदेशक हरीशंकर भार्गव, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, डीसी नरेगा अशोक कुमार, जिला कृषि अधिकारी डॉ. उमेश गुप्ता, एसीएमओ सुखलाल वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, तहसीलदार, समस्त खंड विकास अधिकारी, नायब तहसीलदार, एडीओ पंचायत, एडीओ कृषि तथा कृषि विभाग के अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *