प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत लाभार्थियों को मिली पहली किस्त, विकास भवन में देखा गया मुख्यमंत्री का सजीव प्रसारण

उरई/जालौन। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रथम किस्त के रूप में 900 करोड़ रुपये की अनुदान राशि का अंतरण किया गया।

इस अवसर पर जनपद जालौन में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नेहा ब्याडवाल तथा जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और लाभार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने जनपद के 33 पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए और उन्हें अपने पक्के आवास के निर्माण के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है। इसके माध्यम से पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी गरीब परिवार बिना आवास के न रहे।

सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि लगातार प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से हजारों परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हो रहा है।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि जनपद में पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों का निर्माण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित कराया जाए, ताकि लाभार्थियों को शीघ्र अपने आवास का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *