राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित

संवाददाता
उरई/जालौन

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार दिनांक 28 फरवरी 2026 को अपराह्न 4:30 बजे उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदत्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत (14 मार्च 2026) को प्रभावी व सफल बनाने तथा उसके व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से अनुश्रवण राष्ट्रीय लोक अदालत समिति की चतुर्थ बैठक आयोजित की गई।

बैठक का आयोजन माननीय प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय जालौन स्थान उरई श्री मनोज कुमार सिंह गौतम के कुशल निर्देशन में तथा अध्यक्ष/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत, परिवार न्यायालय श्री प्रवीण कुमार पाण्डेय, अपर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय जालौन स्थान उरई की अध्यक्षता में किया गया।

बैठक में अध्यक्ष/नोडल अधिकारी श्री प्रवीण कुमार पाण्डेय ने लोक अदालत के सफल आयोजन और जनसामान्य तक इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही परिवार कल्याण विशेषज्ञ, परामर्शदाता एवं सदस्य/मध्यस्थों के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें दाम्पत्य संबंधी वादों को चिन्हित कर पक्षकारों के बीच सुलह-समझौते के प्रयास करने के निर्देश दिए, ताकि ऐसे मामलों का प्री-लिटिगेशन स्तर पर ही निस्तारण किया जा सके।

बैठक में परामर्शदाता श्री के.के. प्रजापति एवं परिवार कल्याण विशेषज्ञ सुश्री प्रियंका द्विवेदी ने बताया कि न्यायालय से प्राप्त पत्रावलियों में मीडिएशन की प्रक्रिया लगातार जारी है। वादकारियों से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क कर सुलह-समझौते के प्रयास किए जा रहे हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर वर्चुअल वार्ता के माध्यम से भी समझौता कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे लोक अदालत में अधिक से अधिक वैवाहिक एवं दाम्पत्य विवादों का निस्तारण सुलह के आधार पर हो सके।

बैठक में उपस्थित विद्वान अधिवक्ताओं ने भी आश्वासन दिया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के लिए पक्षकारों को समझाने और सुलह कराने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर सदर मुंसरिम काजी वसीम उल्ला, न्यायालय कर्मचारी राजन मिश्रा, सदस्य/मध्यस्थ विनोद प्रकाश ब्यास, श्रीमती सुलेखा तथा अधिवक्ता श्रीरामजी शाक्य, कृष्णपाल सिंह राजावत, राहुल मिश्रा, पंचम सिंह, शिवम गुप्ता, रामसिया प्रजापति और आकाश श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *