संवाददाता | उरई/जालौन
जनपद जालौन में प्रस्तावित “उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस/समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा” को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा संयुक्त रूप से विकास भवन उरई में समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई।
बैठक के दौरान परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता, शुचिता एवं सुरक्षा के साथ संपन्न कराया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए तथा परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने दी जाए। इसके साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।