संवाददाता, उरई/जालौन
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर जनपद मुख्यालय उरई योगमय वातावरण में रंगा नजर आया। योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित विशाल जनजागरूकता रैली में लगभग चार हजार लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संदेश दिया।
रैली का शुभारंभ टाउन हॉल परिसर से हुआ, जिसे सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय तथा मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली टाउन हॉल से चौक, घंटाघर एवं रेलवे स्टेशन मार्ग होते हुए लगभग पांच किलोमीटर की दूरी तय कर सम्पन्न हुई।
रैली की विशेषता यह रही कि उरई नगर के प्रत्येक वार्ड से 100 से अधिक लोगों ने इसमें सहभागिता की। विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, स्वयंसेवी संगठनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने इसमें भाग लेकर योग को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
पूरे मार्ग में प्रतिभागी योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली तथा नियमित योगाभ्यास से होने वाले लाभों से संबंधित संदेशों और नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक करते रहे। शहर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर नागरिकों ने रैली का स्वागत किया और इस पहल की सराहना की। रैली के दौरान पूरा शहर योग के संदेश से ओतप्रोत दिखाई दिया।
इस अवसर पर सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य का आधार है। उन्होंने नागरिकों से 21 जून को आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता यह दर्शाती है कि जनपद में योग के प्रति जागरूकता निरंतर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए, जिससे स्वस्थ, सशक्त और सकारात्मक समाज का निर्माण संभव हो सके।
जनपद प्रशासन द्वारा आयोजित यह भव्य जनजागरूकता रैली अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई। कार्यक्रम के माध्यम से योग के प्रति जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचा और “स्वस्थ जालौन, स्वस्थ भारत” के संकल्प को नई ऊर्जा मिली।