मिशन शक्ति 5.0: कानपुर देहात पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए जागरूकता अभियान

संवाददाता – कानपुर देहात

दिनांक 13 मार्च 2026 को उत्तर प्रदेश पुलिस के अंतर्गत चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक, कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।

इस अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर सैकड़ों महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं को बताया कि वे किसी भी प्रकार की असुरक्षा की स्थिति में तुरंत पुलिस की सहायता ले सकती हैं।

अभियान के दौरान महिलाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी गई, जिनमें 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) तथा 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) शामिल हैं।

इसके अलावा महिलाओं को UPCOP App के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि इस ऐप के माध्यम से वे पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ प्राप्त कर सकती हैं। साथ ही सोशल मीडिया और इंटरनेट पर बढ़ते साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग तथा फर्जी प्रोफाइल या खातों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचने के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।

महिलाओं को उनके महत्वपूर्ण कानूनी अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया गया, जिनमें POCSO Act (बाल यौन शोषण से संरक्षण), Dowry Prohibition Act (दहेज निषेध अधिनियम), Protection of Women from Domestic Violence Act (घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम) तथा Information Technology Act (साइबर अपराधों से संबंधित कानून) प्रमुख रूप से शामिल हैं।

मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और समाज में उनके लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति का सामना करना पड़े, तो वे तुरंत अपने निकटतम पुलिस थाने या दिए गए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *