संवाददाता | कानपुर देहात
उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए कानपुर देहात पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाते हुए विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने जनपद के होटल, लॉज, धर्मशालाओं और अन्य ठहरने वाले स्थानों की सघन जांच की। इस दौरान वहां ठहरे हुए लोगों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया। साथ ही होटल संचालकों को निर्देशित किया गया कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा न दिया जाए तथा सभी आगंतुकों का पूरा विवरण रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा पुलिस द्वारा प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और जनपद की सीमाओं पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी गहन चेकिंग की जा रही है। इस दौरान वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है, ताकि नकल माफिया या असामाजिक तत्वों की किसी भी गतिविधि को समय रहते रोका जा सके और परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके।
जनपद पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।