संवाददाता | कानपुर देहात
प्रधानमंत्री द्वारा 13 मार्च 2026 को असम के गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम किसान) योजना की 22वीं किस्त का हस्तांतरण किया गया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण पूरे देश के साथ-साथ जनपद कानपुर देहात में भी विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया गया।
जनपद के सभी विकास खंडों और ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम सचिवालयों में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इसके अलावा जनपद स्तरीय सजीव प्रसारण कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित किया गया।
कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख चौबेपुर राजेश शुक्ला ने की। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में लगभग 150 किसानों ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा।
कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक हरिशंकर भार्गव, कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष अजय सिंह, डॉ. खलील खान, डॉ. शशिकांत तथा डॉ. राजेश राय सहित अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे। इस दौरान किसानों को योजना के लाभ और कृषि से जुड़ी विभिन्न जानकारियां भी प्रदान की गईं।