संवाददाता | कानपुर देहात
पंतनगर में आयोजित होने वाले ‘‘कृषि कुम्भ’’ के नाम से प्रसिद्ध अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में सहभागिता के लिए जनपद कानपुर देहात के 52 किसानों को उप कृषि निदेशक द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह मेला गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर (उत्तराखंड) में 13 से 16 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
आत्मा योजना के अंतर्गत आयोजित चार दिवसीय राज्य के बाहर कृषक अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम में जनपद के सभी विकास खंडों से चयनित किसानों को शामिल किया गया है। इस अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, अनुसंधान कार्यों और कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों से अवगत कराना है।
कानपुर देहात के प्रतिनिधिमंडल द्वारा पंतनगर पहुंचकर गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का भ्रमण किया जाएगा तथा वहां के कृषि विशेषज्ञों से संवाद स्थापित किया जाएगा। इस दौरान किसानों को उन्नत बीज उत्पादन, जैविक खेती, कृषि यंत्रीकरण, पशुपालन और उद्यानिकी से संबंधित नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी जाएगी।
प्रतिभागी किसानों के लिए यह अध्ययन भ्रमण अत्यंत उपयोगी माना जा रहा है। किसानों का कहना है कि यहां से प्राप्त ज्ञान और तकनीकों को अपने क्षेत्र में लागू कर खेती की उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ किसानों की आय में वृद्धि और सतत कृषि विकास को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह अंतर्राज्यीय अध्ययन भ्रमण किसानों और कृषि अधिकारियों के लिए प्रेरणादायक अनुभव साबित होगा, जिससे भविष्य में कृषि क्षेत्र में नवाचार और सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।