आवास योजना में अनियमितता की शिकायत पर जांच के दिए निर्देश
संवाददाता, कानपुर देहात
उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने शनिवार को रामजानकी महाविद्यालय, बैरी असई में जनता दरबार लगाकर क्षेत्रवासियों की सार्वजनिक व निजी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और राजस्व, सड़क, कानून-व्यवस्था, पेयजल तथा विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं।
इस दौरान ग्राम रास्तपुर के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री आवास योजना में गंभीर अनियमितताओं की शिकायत की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संजय गुप्ता और ग्राम पंचायत सचिव अक्षय की मिलीभगत से अपात्र लोगों को धन लेकर आवास आवंटित किए गए, जबकि पात्र लाभार्थी योजना से वंचित रह गए।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने तत्काल जिले के मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल से फोन पर वार्ता कर निष्पक्ष जांच के लिए समिति गठित करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में भूमि विवाद, पैमाइश और नामांतरण से जुड़े मामले प्रमुख रूप से सामने आए। इसके अलावा जर्जर सड़कों, नालियों की बदहाल स्थिति, पेयजल संकट और अनियमित बिजली आपूर्ति को लेकर भी ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं। कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में पुलिस कार्रवाई में देरी की शिकायतें भी सामने आईं।
मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से मौके पर ही फोन पर वार्ता कर सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान संजय सिंह चंदेल, राजाबाबू अग्निहोत्री, बउवन द्विवेदी, अंकित परमार, शेखर तिवारी, शौकीन नाथ, जय सिंह, राजेश नाथ, हिमाचल नाथ, रविन्द्र नाथ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।